HomeHimachalSirmaurकच्चा टैंक सहायता कक्ष शिफ्ट न होने से तकनीकी कर्मचारी संघ खासा...

कच्चा टैंक सहायता कक्ष शिफ्ट न होने से तकनीकी कर्मचारी संघ खासा नाराज, 15 दिन का नोटिस

संघ का कहना है कि एचआरटीसी द्वारा बस स्टैंड भवन में दो कमरे उपलब्ध कराए जाने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा, जिससे कर्मचारियों को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं और बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

नाहन : हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने विभागीय उदासीनता पर गहरी नाराजगी जताते हुए कच्चा टैंक सहायता कक्ष की शिफ्टिंग को लेकर 15 दिन का लिखित नोटिस देने का निर्णय लिया है। संघ का कहना है कि एचआरटीसी द्वारा बस स्टैंड भवन में दो कमरे उपलब्ध कराए जाने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा, जिससे कर्मचारियों को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं और बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कच्चा टैंक में जहां मौजदा समय में ये कक्ष चलाया जा रहा है, वो बदहाल और जर्जर हालत में है।

इस मुद्दे को लेकर इकाई नाहन का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष ईरशाद रहमान की अध्यक्षता में अधीक्षण अभियंता, ऑपरेशन वृत्त नाहन से भी मिला था, लेकिन बैठक में अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। संघ के अनुसार पिछले दो वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं और हर बार नए कारण बताकर मामले को टाल दिया जाता रहा है।

ये भी पढ़ें:  उपनिदेशक एलीमेंट्री ने BEEO दफ्तर का किया औचक निरीक्षण, CHT को महीने में 2 बार स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश

संघ ने बताया कि फील्ड में तकनीकी कर्मचारियों की पहले ही भारी कमी है। ऐसे में कर्मचारियों के सामने यह दुविधा बनी रहती है कि वे बिजली व्यवस्था सुधारें या फिर प्रशासनिक कार्यों के लिए इधर-उधर भागते रहें। इससे उपभोक्ताओं को भी समय पर सेवाएं देने में परेशानी हो रही है।

संगठन ने गुन्नू घाट स्थित विद्युत अनुभाग कार्यालय की हालत को भी बेहद खराब बताते हुए कहा कि वहां न तो कर्मचारियों के बैठने के लिए उचित फर्नीचर है और न ही शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। संघ के अनुसार पूरे विद्युत मंडल नाहन के अंतर्गत अधिकांश अनुभाग कार्यालयों की स्थिति इसी प्रकार की है, जबकि उच्च स्तर के कार्यालयों में सभी मूलभूत सुविधाएं मौजूद हैं।

ये भी पढ़ें:  WATCH PICS : आदिवासी मजदूर की ये बेटी कलाकृतियों से बढ़ा रही अमीरों के ड्राइंग रूम की शोभा, प्रतिभा देख रह जाएंगे दंग

संघ ने आरोप लगाया कि जिन्हें बिजली बोर्ड की रीढ़ कहा जाता है, वही तकनीकी कर्मचारी सबसे अधिक शोषण का सामना कर रहे हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिनों के भीतर कच्चा टैंक सहायता कक्ष को एचआरटीसी द्वारा उपलब्ध कराए गए कमरों में स्थानांतरित नहीं किया गया तो कच्चा टैंक अनुभाग के सभी कर्मचारी रानीताल स्थित उपमंडल नाहन नंबर-1 कार्यालय से ही ड्यूटी देने के लिए बाध्य होंगे।

संघ ने चेतावनी दी कि कर्मचारियों की बुनियादी कार्य परिस्थितियों में यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो आगे और कड़े संगठनात्मक निर्णय लिए जाएंगे। इस संबंध में अध्यक्ष समीर बख्श और सचिव श्याम कुमार ने विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें:  हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विस के कोटा पाब में दी स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाओं की सौगात
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More