HomeHimachalChamba3 माह में 1383 राजस्व मामलों का निपटारा, DC चंबा ने समीक्षा...

3 माह में 1383 राजस्व मामलों का निपटारा, DC चंबा ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए ये निर्देश

बैठक के दौरान डीसी ने तहसील एवं उप-तहसील स्तर पर कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पूर्ण किए गए मामलों को आरएमएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

चंबा : उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राजस्व संबंधी लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए जनवरी 2026 से मार्च 2026 तक तहसील एवं उप-तहसील स्तर पर विशेष राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया गया। इस अवधि के दौरान चंबा जिले में कुल 1383 राजस्व मामलों का सफल निपटारा किया गया।

उपायुक्त शनिवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे, जिसमें विशेष राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से विभिन्न राजस्व मामलों के समाधान की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न उपमंडलों से उपमंडलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

ये भी पढ़ें:  बनेठी मेले को और भव्य, आकर्षक व बड़े स्तर पर मनाने के होंगे हर संभव प्रयास: सोलंकी

डीसी ने अवगत करवाया कि जनवरी से मार्च 2026 की अवधि में 366 तक्सीम, 570 सीमांकन एवं 447 राजस्व अभिलेख दुरुस्ती मामलों सहित कुल 1383 राजस्व मामलों का समाधान सुनिश्चित किया गया है। यह मुहिम जिले में निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे सप्ताह में 1-2 दिन विशेष राजस्व लोक अदालत का आयोजन कर लंबित मामलों, विशेषकर एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने उपमंडलाधिकारियों को भी लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान डीसी ने तहसील एवं उप-तहसील स्तर पर कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पूर्ण किए गए मामलों को आरएमएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने पुराने पंजीकृत दस्तावेजों की स्कैनिंग, लघु सिंचाई जनगणना, जल निकायों की द्वितीय जनगणना, स्वामित्व योजना तथा जमाबंदी दौर से संबंधित कार्यों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उपायुक्त ने राजस्व अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए आगामी सप्ताह के लिए लक्ष्य भी निर्धारित किए। इस अवसर पर बैठक का संचालन अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा द्वारा किया गया।

ये भी पढ़ें:  डॉ. राजीव बिंदल बोले- साढ़े तीन साल में कांग्रेस सरकार ने हिमाचल की जनता की कमर तोड़ी, कानून व्यवस्था ध्वस्त
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More