कुल्लू : अटल सदन कुल्लू में नवनिर्वाचित सांसद अनुराग शर्मा ने पत्रकारवार्ता में हिमाचल के बजट को संतुलित, समावेशी और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि इसमें किसान, युवा, महिला और उद्यमियों सहित हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन पर फोकस की सराहना की।
सांसद ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार ने वित्तीय अनुशासन के साथ जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी है। डेयरी, कृषि, बागवानी, कौशल विकास और स्वास्थ्य सेवाओं में किए गए प्रावधान प्रदेश की प्रगति में अहम भूमिका निभाएंगे।
पैराग्लाइडिंग को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने इसे तथ्यों से परे और भ्रामक बताया। कहा कि सरकार एडवेंचर स्पोर्ट्स को सुरक्षित और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित कर रही है। प्रदेश में करीब 1200 पायलट्स पंजीकृत हैं और सुरक्षा, प्रशिक्षण व निरीक्षण की सख्त व्यवस्था लागू है।
उन्होंने कहा कि बीड़-बिलिंग और मनाली जैसे स्थल न सिर्फ पर्यटन के केंद्र हैं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका से जुड़े हैं। “एचपी एयरो स्पोर्ट्स रूल्स” के तहत सभी गतिविधियां संचालित हो रही हैं और प्रदेश एडवेंचर स्पोर्ट्स हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।



