शिमला : हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज अंधड़ के साथ मौसम के बिगड़ने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 4 अप्रैल को भी यही स्थिति बनी रहेगी और इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है।
मौसम का यह दौर यहीं नहीं थमेगा। 5 से 7 अप्रैल के बीच भी प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 8 अप्रैल को फिर से बारिश, अंधड़ और ऊंची चोटियों पर हिमपात की चेतावनी दी गई है। लगातार बदलते मौसम के चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास झेलना पड़ सकता है।
बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी के इस अलर्ट ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से सेब, स्टोन फ्रूट और मटर की फसल को भारी नुकसान हुआ था और अब एक बार फिर ऐसे हालात बनने की आशंका जताई जा रही है।
