पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में दीवार गिरने से एक मजदूर के घायल होने का मामला सामने आया है। हादसे में मजदूर को भारी चोटें आई हैं, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिन J.C. जुनेजा अस्पताल सूरजपुर से पुलिस थाना पांवटा साहिब को सूचना मिली कि बहराल में एक कंपनी की दीवार गिरने से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां सुभाष पंडित पुत्र दुखा पंडित निवासी गांव विष्णुपुर, वार्ड नंबर 1, जिला खड़गिया (बिहार) घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने उसकी एमएलसी प्राप्त की।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस टीम ने तस्दीक के दौरान पाया कि लेबोरेट कंपनी प्रबंधन द्वारा पहले से बनी कच्ची और जर्जर दीवार के ऊपर ही ईंट और सीमेंट से नई दीवार बनाई जा रही थी। इसी दौरान पुरानी दीवार का हिस्सा गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर सुभाष पंडित को चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब में कंपनी मालिक और प्रबंधन के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच जारी है।
