नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर इशिता पुंडीर की ओर से फौजियों पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के मामले में राजगढ़ पुलिस थाना में शिकायत पहुंची है। आरोप है कि नौहराधार तहसील के देवा मानल गांव की रहने वाली इशिता का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने फौजियों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। ये वीडियो सामने आते ही तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। हालांकि, मामला बढ़ता देख इशिता ने वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट से डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक यह सैकड़ों बार शेयर हो चुका था। कई लोगों ने इसे सबूत के तौर पर सुरक्षित भी कर लिया।
विवाद बढ़ने के बाद इशिता पुंडीर ने एक और वीडियो जारी कर फौजियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, हालांकि इसके बावजूद गुस्सा शांत नहीं हुआ। वीरवार को राजगढ़ में भूतपूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी थाना पहुंचे और औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई। संगठन ने न केवल कार्रवाई की मांग की, बल्कि इशिता के सोशल मीडिया अकाउंट्स और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कराने की मांग उठाई।
भूतपूर्व सैनिक संगठन के रिटायर्ड नायब सूबेदार बृजमोहन ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि इशिता पुंडीर के सोशल मीडिया फॉलोअर्स की संख्या पाकिस्तान और बांग्लादेश में अधिक बताई जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि फौजियों को बदनाम करने के उद्देश्य से यह वीडियो किसी बाहरी प्रभाव में बनाया गया हो सकता है। उन्होंने पुलिस और सरकार से इशिता के बैंक खातों की भी जांच की मांग की है।
बता दें कि वीडियो में इशिता पुंडीर ने दावा किया था कि “फौजी देश और भारत माता के लिए तो लॉयल हो सकते हैं, लेकिन 90 प्रतिशत से ज्यादा फौजी अपनी पत्नी या गर्लफ्रेंड के लिए लॉयल नहीं होते।” इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे सैनिकों के सम्मान के खिलाफ बताया।
इस मामले में सोशल मीडिया पर भी नई बहस शुरू हो गई है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि जो जवान देश की सुरक्षा में दिन-रात लगे रहते हैं, उनके चरित्र पर इस तरह की टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है। कई लोगों ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने कहा कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
