नाहन : जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र की वर्षों से लंबित बनोग-धार क्यारी-कांशीवाला वैकल्पिक बाईपास सड़क का आखिरकार गुरूवार को निर्माण कार्य शुरू हो गया है। विधायक अजय सोलंकी ने भूमि पूजन कर इस बहुप्रतिक्षित परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही गोशाला से बोगरिया तक बनने वाली सड़क का भी उन्होंने शिलान्यास किया, जिससे क्षेत्र को एक साथ दो सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली।
करीब 9 किलोमीटर लंबी इस वैकल्पिक बाईपास सड़क पर 12.36 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह सड़क लंबे समय से आर्मी और सिविलियन विवाद के चलते अटकी हुई थी और नाहन की राजनीति में भी प्रमुख मुद्दा बनी रही। सड़क के निर्माण से एनएच-907ए और एनएच-07 के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी, जिससे शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी गोशाला-बोगरियां सड़क का निर्माण 81.84 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इस सड़क से ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों की आवाजाही आसान होगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूर्व प्रधान बाबूराम, अनिल ठाकुर और सड़क सुरक्षा क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर सहित कई लोगों ने विधायक का आभार जताते हुए इसे महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि यह केवल शिलान्यास नहीं, बल्कि लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को धरातल पर उतारने की शुरुआत है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश में विकास को गति दे रही है और नाहन को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। राजनीतिक टिप्पणी करते हुए सोलंकी ने भाजपा और पूर्व सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सड़क वर्षों तक केवल राजनीतिक मुद्दा बनी रही, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के समय भी यह परियोजना फाइलों से बाहर नहीं निकल सकी।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस सड़क पर काम शुरू किया जाता, तो यह आज सिंगल लेन के बजाय डबल लेन बन चुकी होती। सोलंकी ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य श्रेय लेना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को जमीन पर उतारना है और नाहन विधानसभा क्षेत्र के हर गांव तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। इससे पूर्व विधायक सोलंकी का स्थानीय ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ई. एके शर्मा, अधिशासी अभियंता ई. आलोक जवनेजा, अधिशासी अभियंता विद्युत बोर्ड ई. मुकेश सिंह, एसडीओ ई. महेश चौधरी, जलशक्ति विभाग के एसडीओ रोशन शर्मा समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रूपेंद्र ठाकुर सहित कई पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
