HomeHimachalSolanदिल्ली में सोलन पुलिस की बड़ी रेड: 229 ग्राम चिट्टा बरामद, अंतरराज्यीय...

दिल्ली में सोलन पुलिस की बड़ी रेड: 229 ग्राम चिट्टा बरामद, अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का अहम सप्लायर गिरफ्तार

दिल्ली में की गई इस रेड के दौरान 229 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई और नेटवर्क के एक अहम सप्लायर, यूजीन चिनवेउबा (42), नाइजीरियाई नागरिक, को गिरफ्तार किया गया है।

सोलन : जिला पुलिस सोलन ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। दिल्ली में की गई इस रेड के दौरान 229 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई और नेटवर्क के एक अहम सप्लायर, यूजीन चिनवेउबा (42), नाइजीरियाई नागरिक, को गिरफ्तार किया गया है।

यह पूरा मामला 20 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना सदर सोलन में दर्ज एफआईआर संख्या 95/2026 से जुड़ा है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत कार्रवाई की गई थी। शुरुआती जांच के दौरान तीन आरोपियों के कब्जे से 9.93 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। इनमें दो आरोपी बिहार के निवासी और एक नेपाली नागरिक शामिल था।

ये भी पढ़ें:  नशे के खिलाफ बद्दी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, चिट्टे के बाद 11.660 किलो भुक्की पकड़ी, आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच को आगे बढ़ाया और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ड्रग सप्लाई चेन के बैकवर्ड लिंक खंगालने शुरू किए। जांच में सामने आया कि नेटवर्क की कड़ियां दिल्ली तक जुड़ी हुई हैं। इसके बाद 22 अप्रैल को थाना प्रभारी (SHO) के नेतृत्व में एक विशेष टीम को दिल्ली भेजा गया।

स्थानीय पुलिस के सहयोग से नई दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में चिन्हित स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। मौके पर मौजूद यूजीन चिनवेउबा के आवास की तलाशी के दौरान उसके कमरे से 229 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही नियम अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया।

ये भी पढ़ें:  साइकोलॉजी शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित, 74 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलावा

एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी को इस ड्रग नेटवर्क का महत्वपूर्ण सप्लायर पाया गया है, जो विभिन्न राज्यों में नशे की खेप पहुंचाने में संलिप्त था। विदेशी नागरिक होने के कारण उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम की धारा 14 भी जोड़ी गई है।

उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा सके। इस कार्रवाई के जरिए जिला पुलिस सोलन ने न केवल भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है, बल्कि अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम सफलता हासिल की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें:  बिना नंबर प्लेट के डंपर संचालकों पर RTO सिरमौर की बड़ी कार्रवाई, 1.69 लाख के काटे चालान, एक में मिलीं फर्जी नंबर प्लेट्स
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More