नाहन : जिला सिरमौर के शिक्षा खंड माजरा के अंतर्गत आने वाली धारटीधार इलाके की राजकीय प्रारंभिक केंद्र पाठशाला कांसर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान 6 विद्यार्थियों ने प्राइवेट स्कूल छोड़कर सरकारी विद्यालय में प्रवेश लिया है। इससे पहले शैक्षणिक सत्र 2025-26 में भी 5 विद्यार्थियों ने प्राइवेट स्कूलों को अलविदा कर इसी विद्यालय को चुना था।
केंद्र प्रमुख शिक्षक नरेश शर्मा ने बताया कि वर्तमान में प्री-प्राइमरी से लेकर पांचवीं कक्षा तक कुल 66 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने नए विद्यार्थियों का विद्यालय में स्वागत करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं, बेहतर सुविधाओं और शिक्षकों की मेहनत का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं और स्कूल प्रबंधन के प्रयासों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है।
नरेश शर्मा ने विद्यालय के अध्यापकों सरला भारद्वाज, विनोद शर्मा और पवन शर्मा के समर्पण की सराहना की और साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
