कालाअंब : सिरमौर पुलिस की डिटेक्शन सेल नाहन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उज्जल माजरी बैरियर के पास दो युवकों के कब्जे से चिट्टे की खेप बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ कालाअंब पुलिस थाना में केस दर्ज हुआ है। इस मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि डिटेक्शन सेल नाहन की टीम गश्त और मादक पदार्थों से जुड़ी गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी।
इसी दौरान गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल नंबर HP13-3714 (KTM) पर चंडीगढ़ से चिट्टा (हेरोइन) की खेप लेकर उज्जल माजरी बैरियर के रास्ते सराहां, सोलन की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल बैरियर पर नाकेबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के नीचे से 20.14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान शुभम शर्मा (30) निवासी गांव सुनखी, डाकघर सायरी, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश और रजत मिश्रा (27) निवासी गांव बालकरूपी, डाकघर और तहसील जोगिंद्रनगर, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई। इस पर पुलिस ने तुरंत दोनों की गिरफ्तार किया।
पुलिस थाना कालाअंब में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब पता लगा रही है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाए थे और इसे किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में थे, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क को बेनकाब किया जा सके। चिट्टे जैसे खतरनाक मादक पदार्थ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
