कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध माता बज्रेश्वरी देवी मंदिर में महाराष्ट्र के पुणे से पहुंचे एक श्रद्धालु परिवार ने माता के दरबार में 100 ग्राम सोने का हार भेंट कर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर ने बताया कि पुणे निवासी विनोद एन शर्मा अपने परिवार सहित विशेष रूप से माता बज्रेश्वरी देवी के दर्शनों के लिए कांगड़ा पहुंचे थे। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने 100 ग्राम सोने से निर्मित भव्य हार मंदिर प्रबंधन को भेंट स्वरूप सौंपा।
इस दौरान श्रद्धालु परिवार के साथ उषा शर्मा, हेमंत, तरुण और मनोज भी मौजूद रहे। मंदिर प्रशासन की मौजूदगी में विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न करवाई गई और उसके बाद सोने का हार स्वीकार किया गया।
श्रद्धालु परिवार ने बताया कि उनकी माता बज्रेश्वरी देवी के प्रति गहरी आस्था है और वे माता का आशीर्वाद लेने तथा कृतज्ञता प्रकट करने के लिए यहां पहुंचे थे। मंदिर प्रशासन ने भी इस विशेष भेंट के लिए परिवार का आभार व्यक्त किया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार भक्तों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विनोद एन शर्मा और उनके परिवार द्वारा अर्पित किया गया 100 ग्राम सोने का हार अब माता के खजाने का हिस्सा बन चुका है और इस भेंट की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
