सोलन : जिला सोलन में निवास कर रहे मिलिट्री नर्सिंग सेवा (एमएनएस) के सेवानिवृत्त कर्मियों से जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन में पंजीकरण करवाने का आग्रह किया गया है।
उप निदेशक सैनिक कल्याण सोलन कर्नल (सेवानिवृत्त) एस.के. अग्निहोत्री ने कहा कि अब तक पूर्व सैनिक का दर्जा मुख्य रूप से थल सेना, नौ सेना और वायु सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों तक सीमित था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्णय के उपरांत अब मिलिट्री नर्सिंग सेवा से सेवानिवृत्त कर्मियों को भी पूर्व सैनिक की श्रेणी में सम्मिलित किया गया है।
उप निदेशक ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन के पास यहां निवास कर रहे सेवानिवृत्त एम.एन.एस. कर्मियों का ब्यौरा उपलब्ध नहीं है। इसलिए आवश्यक है कि पूरी जानकारी कार्यालय के पास उपलब्ध हो, ताकि यह कर्मी केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कर्नल एस.के. अग्निहोत्री ने ऐसे सभी सेवानिवृत्त कर्मियों से आग्रह किया कि वह जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन में संपर्क कर अपना नाम पंजीकृत करवाएं और पूर्व सैनिक पहचान पत्र प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष संख्या 01792-223764 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
