चंबा : चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तुनुहट्टी क्षेत्र के ककीरा के पास रात करीब तीन बजे उस समय पेश आया, जब धर्मशाला से डलहौजी की ओर जा रही एक टैक्सी इनोवा अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में कुल दस लोग सवार थे। इनमें अधिकांश पर्यटक गुजरात के बताए जा रहे हैं। हादसे के समय क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी, जिसके चलते सड़क फिसलन भरी बनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि खराब मौसम और फिसलन हादसे की बड़ी वजह हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और अंधेरे व बारिश के बीच राहत कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन मंडी नंबर की टैक्सी इनोवा थी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि ककीरा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।
उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिला के लाहड़ू- तुणुहट्टी मार्ग पर ककीरा के पास हुई दुर्घटना में छः लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को ईलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की तथा दिवंगतोें की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
