सोलन : लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने जानकारी देते हुए कहा कि लोग दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और अधिक शारीरिक श्रम करने से बचें। उन्होंने सलाह दी कि बाहर जाने की स्थिति में सूती व पूरी बाजू के कपड़े पहनें और सिर ढककर ही बाहर निकलें।
उन्होंने कहा कि बाहर जाते समय अपने साथ पानी की बोतल अवश्य रखें और नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। कॉफी और कोल्ड ड्रिंक की बजाय नींबू पानी, फलों का रस और नमक-चीनी के घोल का सेवन करें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
डॉ. पाठक ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं और ओआरएस या नमक-चीनी का घोल दें। साथ ही शरीर को ठंडा करने का प्रयास करें और जरूरत पड़ने पर प्रभावित व्यक्ति को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए पहुंचाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लू से प्रभावित लोगों के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों और व्यवस्थाओं के साथ पूरी सतर्कता और तत्परता बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि एहतियाती उपाय अपनाकर शरीर में पानी की कमी और लू लगने जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।