हरोली (ऊना) : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के बीटन में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
तालाब के सौंदर्यीकरण के साथ यहां फाउंटेन, ओपन जिम, सुंदर पार्क और वॉकिंग पाथ विकसित किए जाएंगे। इससे क्षेत्रवासियों को घूमने-फिरने, व्यायाम और मनोरंजन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। परियोजना पूरी होने के बाद यह स्थान स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगा।
जनसुविधाओं और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ जनसुविधाओं, स्वच्छता और सुंदरता को प्राथमिकता देना उनका संकल्प है। इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपने आसपास बेहतर सुविधाएं मिलें और गांवों का स्वरूप और आकर्षक बने।
उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में पारंपरिक तालाबों के संरक्षण, जल संचयन और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी।
उल्लेखनीय है कि बीटन में तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन अप्रैल 2026 में किया गया था। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 2.03 करोड़ रुपये है।
सलोह-घालूवाल दंगल में पहुंचे उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार देर शाम लखदाता दंगल कमेटी सलोह एवं घालूवाल द्वारा आयोजित दंगल में शामिल हुए। दंगल कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को सम्मानित किया।
दंगल में हरियाणा के झज्जर निवासी दिनेश गुलिया विजेता रहे, जबकि अजनाला के भूपिंदर उपविजेता रहे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विजेता दिनेश गुलिया को 76 हजार रुपये, गुर्ज और चांदी का कड़ा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता भूपिंदर को 55 हजार रुपये और चांदी का कड़ा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने दंगल के सफल आयोजन के लिए दोनों पंचायतों के प्रधानों और समस्त दंगल कमेटी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दंगल में उमड़ा जनसैलाब, लोगों का अपार उत्साह और जनभागीदारी हमारी समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक खेलों के प्रति अटूट प्रेम को दर्शाती है। ऐसे आयोजन पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दंगल कमेटी को एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। साथ ही सलोह में तालाब निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और वार्ड नंबर तीन में स्वर्ग धाम के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर घालूवाल की पंचायत प्रधान कमलेश देवी, सलोह के पंचायत प्रधान राजन सहित पंचायत प्रतिनिधि, दंगल कमेटी के सदस्य, स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में दंगल प्रेमी मौजूद रहे।