शिमला : हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण का चुनावी शोर आज शाम 3 बजे थम जाएगा। प्रदेश की 1293 पंचायतों में 26 मई को मतदान होना है। इसके साथ ही संबंधित पंचायत क्षेत्रों में आने वाले सभी शराब के ठेके भी बंद कर दिए जाएंगे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक इन इलाकों में अगले दो दिनों तक शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक रविवार शाम तीन बजे के बाद प्रत्याशी न तो जनसभाएं कर सकेंगे और न ही लाउडस्पीकर के जरिए प्रचार-प्रसार किया जा सकेगा। हालांकि उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता और जारी आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहले चरण में प्रदेश की विभिन्न पंचायतों में होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। सभी जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि मतदान से पहले किसी भी तरह की अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन की स्थिति पैदा न हो।
पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण इलाकों में उत्साह चरम पर है और अब सभी की नजरें 26 मई को होने वाले मतदान पर टिक गई हैं।
