सोलन : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में रविवार सुबह राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर नगर पंचायत कंडाघाट के पास एक स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में स्कूटी सवार रमेश (21) पुत्र पूर्ण निवासी गांव दरागटू, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 10 बजे कंडाघाट स्थित जल शक्ति विभाग कार्यालय से लगभग 100 मीटर दूरी पर हुआ। बताया जा रहा है कि युवक तेज गति से स्कूटी चला रहा था। इसी दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल कंडाघाट पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने निरीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, कंडाघाट प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
