शिमला : हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत की। शिमला, चंबा और मंडी में आयोजित समारोहों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को शपथ दिलाई गई, जबकि बिलासपुर में जिला परिषद सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 8 जून को आयोजित होगा।
शिमला में उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बचत भवन के सभागार में जिला परिषद के सभी 25 नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। समारोह में जिला परिषद के सभी वार्डों से चुने गए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और पद की जिम्मेदारियां निभाने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण करने वालों में त्यावल ज्यूरी से अनुराधा, झाकड़ी से ममता, नरैण से रॉनी, बगलती से रानु देवी, सीमा रणटाड़ी से सुरेंद्र रेटका, क्वार से मनजीत सिंह, खशधार से धर्मेंद्र सिंह, भलूण से कल्पना देवी, टिक्कर से भरत सिंह कलांटा, सरस्वती नगर से नेहा मेहता, बढ़ाल से मीनाक्षी, कलबोग से रेखा चौहान और चडोली से मन्नत तेगवान सहित सभी 25 वार्डों के सदस्य शामिल रहे।
चंबा में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बचत भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद के सभी 18 नवनिर्वाचित सदस्यों को संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उन्होंने सभी सदस्यों को बधाई देते हुए जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने, विकास कार्यों को ईमानदारी से पूरा करने और सरकारी धन के सदुपयोग को सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने नशा मुक्त समाज के निर्माण और जनगणना कार्यों में भी जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में नव निर्वाचित सदस्यों ने अपने विचार भी साझा किए। जिला चंबा के 18 जिला परिषद सदस्यों में 11 पुरुष और 7 महिला सदस्य चुने गए हैं।
भरमौर विकासखंड के गैहरा वार्ड से निर्वाचित 25 वर्षीय सुनील दत्त शर्मा सबसे युवा पुरुष जिला परिषद सदस्य हैं, जबकि तीसा विकासखंड के चांजू वार्ड से 28 वर्षीय रजनी देवी और भटियात विकासखंड के कथेट वार्ड से दिव्या ज्योति वर्मा सबसे युवा महिला सदस्य हैं। भरमौर वार्ड की 75 वर्षीय लीला देवी जिला परिषद की सर्वाधिक आयु की सदस्य हैं।
उधर, मंडी जिले के विकासखंड सदर में भ्यूली स्थित सभागार में पंचायत समिति (बीडीसी) के नवनिर्वाचित 26 सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। पीठासीन अधिकारी एवं एसडीएम सदर रुपिंदर कौर ने सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सदर से विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा और द्रंग के विधायक पूर्णचंद ठाकुर भी उपस्थित रहे। रुपिंदर कौर ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के विकास और जनता की भलाई के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने सदस्यों को पंचायती राज विभाग की कार्यप्रणाली और दायित्वों की जानकारी दी।
बिलासपुर में जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 8 जून को आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त राहुल कुमार के अनुसार जिला पंचायत संसाधन केंद्र भवन के प्रशिक्षण हॉल में सुबह 11 बजे होने वाले समारोह में जिले के सभी 14 वार्डों के नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।
