बीबीएन : बद्दी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान से 300 ग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हिमलैंड सिटी मार्केट, आईटीआई रोड झाड़माजरी स्थित एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान से 94 पुड़ियों में पैक कुल 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
इस पर पुलिस ने आरोपी प्रकाश चंद उर्फ पंकू निवासी गांव ढाणा, मानपुरा, तहसील बद्दी को अवैध गांजे सहित काबू कर लिया। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि इस संबंध में पुलिस थाना बरोटीवाला में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
