नाहन : विधायक अजय सोलंकी ने शनिवार को वार्ड नंबर-1 से होकर गुजरने वाले मोक्षधाम मार्ग का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय लोगों से कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली।
अजय सोलंकी ने कहा कि इस सड़क के निर्माण के लिए करीब डेढ़ वर्ष पहले धनराशि उपलब्ध करवा दी गई थी, लेकिन नगर परिषद समय पर राशि खर्च नहीं कर सकी, जिससे यह कार्य लंबित रहा। उन्होंने बताया कि अब डीआरडीए के माध्यम से बजट स्वीकृत करवाकर निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवा दिया गया है और इसे जल्द पूरा किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि मोक्षधाम को जाने वाला यह मार्ग किसी राजनीतिक दल, विचारधारा या वर्ग विशेष का नहीं है, बल्कि यह वह रास्ता है जिससे होकर हर व्यक्ति अपनी अंतिम यात्रा पर निकलता है। ऐसे में इस सड़क का निर्माण राजनीति का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और जनहित से जुड़ा दायित्व है। इसी सोच के साथ इस कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाहन शहर की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्था और बदहाली को दूर करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। शहर की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि नाहन शहर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विश्व बैंक परियोजना के तहत 56 करोड़ रुपये के कार्यों के टेंडर किए गए हैं। इसके तहत 40 ट्रांसफार्मरों का उन्नयन भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद शहरवासियों को अधिक गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी।
विधायक ने कहा कि उन्हें चर्चा में बने रहने या अनावश्यक प्रचार-प्रसार से अधिक रुचि धरातल पर काम करने में है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच किए गए विकास कार्य ही सबसे बड़ा जवाब होते हैं और उनका प्रयास लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।
इस अवसर पर वार्ड नंबर-1 के पार्षद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी, पार्षद राकेश पपली, वार्ड नंबर-2 के पार्षद नरेंद्र तोमर और क्षेत्र के अनेक स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
