HomeHimachalSirmaurपच्छाद में ओलावृष्टि व तूफान से टमाटर-शिमला मिर्च की फसलें तबाह, करोड़ों...

पच्छाद में ओलावृष्टि व तूफान से टमाटर-शिमला मिर्च की फसलें तबाह, करोड़ों के नुकसान की आशंका

सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र में गत दिन हुई बेमौसमी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। चंद घंटों में खराब मौसम ने टमाटर और शिमला मिर्च जैसी नकदी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि फसलों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है

नाहन : जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र में गत दिन हुई बेमौसमी बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। चंद घंटों में खराब मौसम ने टमाटर और शिमला मिर्च जैसी नकदी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि फसलों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार पच्छाद के सिरमौरी मंदिर, डिंगरी सरजेट, भैलन, डिंगरी धिनी, मढ़ीघाट, जयहर, शाडिया, शौटी, मासरिया और नारग सहित कई इलाकों में बारिश के साथ आए तेज तूफान और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी फसलों को बुरी तरह प्रभावित किया। किसानों के अनुसार टमाटर और शिमला मिर्च के पौधों की टहनियां टूट गई हैं और कई जगह फसल पूरी तरह बिछ गई है। वहीं, शिमला मिर्च और टमाटर भी खेतों में झड़ गए।

ये भी पढ़ें:  भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव पर राजगढ़ में निकली भव्य शोभायात्रा, जयघोषों से गूंजा समूचा क्षेत्र

डिंगरी सरजेट के प्रताप सिंह, वीरेंद्र ठाकुर और योगेंद्र सिंह, डिंगरी धिनी के कुलदीप ठाकुर, शौटी के हितेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह और शाडिया के नरदेव ठाकुर सहित अन्य किसानों ने बताया कि टमाटर और शिमला मिर्च इस क्षेत्र की प्रमुख नकदी फसलें हैं। एक किसान इन फसलों के एक सीजन पर लाखों रुपये खर्च करता है। करीब तीन-चार माह पहले लगाई गई फसल अब उत्पादन के चरण में पहुंच रही थी, लेकिन बेमौसमी बारिश, तेज हवाओं और ओलों ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचा दिया।

किसानों का कहना है कि कई परिवारों की सालभर की आय इन नकदी फसलों पर निर्भर रहती है। ऐसे में मौसम की इस मार ने उनकी चिंता को बढ़ा दी है। प्रभावित किसानों ने कृषि विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन किया जाए और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

ये भी पढ़ें:  नगर परिषद घुमारवीं में कुल 9 वार्डों में 4793 मतदाता करेंगे मताधिकार का इस्तेमाल

बता दें कि पच्छाद क्षेत्र में बड़े स्तर पर नकदी फसलों की खेती की जाती है। ऐसे में उत्पादन प्रभावित होने की स्थिति में आने वाले दिनों में बाजार पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। किसानों का मानना है कि यदि नुकसान का स्तर व्यापक रहा तो टमाटर और शिमला मिर्च की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। इसके साथ साथ बारिश ने बागवानी को भी प्रभावित किया है। इन इलाकों में प्लम, आडू और कीवी को भी भारी नुकसान हुआ है।

हालांकि, जिले के अधिकांश क्षेत्रों में हुई बारिश से फसलों को संजीवनी भी मिली है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को खेतों में पर्याप्त नमी मिलने से मक्की की बिजाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं। अब किसान मक्की की बिजाई आसानी से कर पाएंगे। वहीं अन्य फसलों के लिए भी बारिश काफी फायदेमंद मानी जा रही है। वहीं, बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने से मैदानी क्षेत्रों के लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है।

ये भी पढ़ें:  DFA ऊना ने जीती राज्य स्तरीय फुटबॉल चैंपियनशिप, हमीरपुर के अभिषेक पठानिया चुने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट 
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More