पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के माजरा थाना क्षेत्र में देर रात सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तारी और लापरवाही से पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। पुलिस ने हादसे का केस दर्ज कर चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गत रात करीब 12:30 बजे क्यारदा क्षेत्र में महावीर जिम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। यह सूचना ट्रक चालक मनीष कुमार निवासी गांव जोहड़ों, डाकघर पुरुवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के बयान पर दर्ज की गई।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। उसके सिर, मुंह, कान, पेट और एड़ी पर गंभीर चोटें थीं। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बतााया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क पर पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मारी। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस थाना माजरा में केस दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की भी पहचान की जा रही है।
