राजगढ़ : जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों के कब्जे से चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम गश्त के दौरान कोटली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता सूचना मिली कि शुभम ठाकुर अपने दो साथियों विवेक चौहान और मिथुन आर्य निवासी राजगढ़ के साथ कार में गिरिपुल (सोलन) की तरफ से राजगढ़ की ओर चिट्टे की खेप लेकर आ रहे हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों युवकों के कब्जे से कुल 4.80 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस थाना राजगढ़ में तीनों के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
