HomeHimachalSirmaurऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के चीफ एडवाइजर नसीम दीदान का निधन,...

ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के चीफ एडवाइजर नसीम दीदान का निधन, समाज सेवा की बुलंद आवाज खामोश

दीदान लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने वन विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद अपना पूरा जीवन शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित किया।

नाहन : हिमाचल प्रदेश में सामाजिक सरोकारों, जनहित के मुद्दों और समाज के हर वर्ग की आवाज बुलंद करने वाले ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के चीफ एडवाइजर नसीम मोहम्मद दीदान अब हमारे बीच नहीं रहे। शनिवार तड़के गुन्नुघाट स्थित उनके पैतृक आवास पर उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से नाहन सहित पूरे सिरमौर और प्रदेश भर में शोक की लहर दौड़ गई है।

दीदान लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने वन विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद अपना पूरा जीवन शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित किया। अंतिम समय तक वे सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहे और समाज के हर वर्ग की समस्याओं को बेबाकी से उठाते रहे।

नसीम मोहम्मद दीदान का मानना था कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है। वह अक्सर कहते थे कि मुस्लिम समाज के पिछड़ेपन का सबसे बड़ा कारण अशिक्षा है और जब तक शिक्षा हर घर तक नहीं पहुंचेगी, तब तक समग्र विकास संभव नहीं होगा। इसी सोच को आधार बनाकर उन्होंने वर्षों तक समाज को जागरूक करने का अभियान चलाया।

ये भी पढ़ें:  24 फरवरी से चंबा प्रवास पर रहेंगे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के माध्यम से उन्होंने शिक्षा, सामाजिक एकता और युवाओं के मार्गदर्शन के लिए लगातार कार्य किया। अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारों, सामाजिक न्याय और भाईचारे को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया। उनकी पहचान केवल एक संगठन के पदाधिकारी के रूप में नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की आवाज उठाने वाले संवेदनशील और स्पष्टवादी समाजसेवी के रूप में थी।

नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान हो, पर्यावरण संरक्षण का विषय हो या युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे, उन्होंने हमेशा खुलकर अपनी राय रखी। मीडिया के माध्यम से भी वह लगातार जनसमस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाते रहे। हाल ही में उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को गंभीर चुनौती बताते हुए युवाओं के हित में प्रभावी कदम उठाने की मांग की थी।

ये भी पढ़ें:  नाहन-श्रीरेणुकाजी सड़क पर चिट्टे की खेप के साथ 2 युवक गिरफ्तार, कार के डैशबोर्ड में सिगरेट की डिब्बी में मिला नशा

नसीम मोहम्मद दीदान केवल मुस्लिम समाज तक सीमित नहीं थे। शहर के हर वर्ग के लोगों के बीच उनका विशेष सम्मान था। सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी लगातार देखने को मिलती रही। वह लंबे समय तक रोटरी क्लब से भी जुड़े रहे और कई सामाजिक अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे।

उनके परिवार में पुत्र ईशाक मोहम्मद वर्तमान में सीडीपीओ के पद पर कार्यरत हैं। उनके निधन पर विधायक अजय सोलंकी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, अंजुमन इस्लामिया के सदर बॉबी अहमद, जिला सिरमौर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार सहित राजनीतिक, सामाजिक, साहित्यिक और धार्मिक जगत से जुड़े अनेक लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

वरिष्ठ चिकित्सक सुरेश कुमार सबलोक, वरिष्ठ साहित्यकार दीनदयाल वर्मा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद कपिल गर्ग मोंटी, पार्षद राकेश गर्ग उर्फ पपली और पार्षद नरेंद्र तोमर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

ये भी पढ़ें:  नाहन कॉलेज में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर ABVP का मूक प्रदर्शन, बड़े स्तर पर आंदोलन को चेताया

नसीम मोहम्मद दीदान के निधन से सिरमौर ने एक ऐसी शख्सियत को खो दिया है, जिसने पद और पहचान से ऊपर उठकर समाज के हर वर्ग के लिए काम किया। शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और इंसानियत के लिए उनका संघर्ष और योगदान आने वाली पीढ़ियों को लंबे समय तक प्रेरित करता रहेगा।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More