बद्दी : पुलिस जिला बद्दी ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 21.434 किलोग्राम चूरापोस्त और 123 ग्राम अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां एक आरोपी को चार दिन और दूसरे को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस जिला बद्दी द्वारा नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में स्पेशल सेल-एक्स और पुलिस थाना बरोटीवाला की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर यह सफलता हासिल की।
पहले मामले में पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एलैम्बिक चौक से दसोरा माजरा रोड स्थित आरएम केमिकल कंपनी के पास खड़े ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक की स्टेपनी के अंदर छिपाकर रखी 15 किलोग्राम 168 ग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) बरामद हुई। इस मामले में ट्रक चालक वीरेंद्र कुमार उर्फ बबलू निवासी गांव सेहल, डाकघर जयनगर, तहसील अर्की, जिला सोलन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
दूसरे मामले में बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स को सूचना मिली कि कोलिंग निवासी सिराजमाजरा, बद्दी, जिला सोलन नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके सिराजमाजरा स्थित घर पर दबिश दी और घर के साथ-साथ बाहर खड़ी उसकी स्कूटी की तलाशी ली। स्कूटी की डिग्गी से 6.266 किलोग्राम चूरा-पोस्त और 123 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी कोलिंग के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को 20 जून को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी वीरेंद्र कुमार को चार दिन और आरोपी कोलिंग को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बद्दी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।