शिमला : प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों को आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन कराने का अंतिम अवसर दिया है। अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम का सशक्तिकरण विभाग ने ऐसे पेंशनरों से एक माह के भीतर अपना ई-केवाईसी पूरा करने का आग्रह किया है।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने जुलाई 2025 से सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के सत्यापन का अभियान शुरू किया था। इसके तहत जिला कल्याण अधिकारी और तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालयों के माध्यम से ई-केवाईसी प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
सरकार ने ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 निर्धारित की थी। अब तक 7,84,976 सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन पूरा किया जा चुका है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन पेंशनरों ने अब तक अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं कराया है, वे एक माह के भीतर संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कर लें। निर्धारित अवधि में सत्यापन नहीं कराने वाले लाभार्थियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद की जा सकती है।
