कालाअंब : लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई की ओर से अध्यक्ष अखिल माहेश्वरी के नेतृत्व में होटल ब्लैक मैंगो में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEBL) के एसई वीरेंद्र कुमार शर्मा, एक्सईएन मुकेश कुमार, एसडीओ महेश चौधरी और जेई के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें पावर कट, सिक्योरिटी रिफंड और एलवीएस चार्जेज प्रमुख रहे।
बैठक में उद्योगपतियों ने प्रस्तावित पावर कट को फिलहाल स्थगित करने की सामूहिक मांग रखी। उद्यमी अखिल महेश्वरी ने बताया कि वर्तमान में महीने का अंतिम समय होने के कारण उद्योगों में उत्पादन कार्य जारी है, इसलिए पावर कट अगले रविवार किया जाए। साथ ही इस रविवार पोलियो अभियान होने के कारण भी विभाग ने पावर कट संभव नहीं बताया। अधिकारियों ने उद्योगपतियों की मांग स्वीकार करते हुए पावर कट की नई तिथि जारी कर दी।
बैठक के दौरान जिन उद्योगों के सिक्योरिटी रिफंड लंबित हैं या जिनके बिजली कनेक्शन शिफ्ट हो चुके हैं, उनके मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसडीओ ने सभी मामलों को नोट करते हुए मंगलवार या बुधवार तक संबंधित उद्योगों को अपडेट देने का आश्वासन दिया।
एलवीएस चार्जेज से जुड़े विषय पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने उद्योगपतियों को HPSEBL मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि जिन उद्योगों में स्मार्ट मीटर लगे हुए हैं, वे ऐप में अपना मीटर नंबर जोड़कर प्रतिदिन की बिजली खपत सहित अन्य सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
बैठक के अंत में लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई ने बैठक में शामिल सभी अधिकारियों और उद्योगपतियों का सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।