HomeHimachalअस्पताल से नहीं होगी कोई छेड़छाड़, कांशीवाला में होगा मेडिकल कालेज का...

अस्पताल से नहीं होगी कोई छेड़छाड़, कांशीवाला में होगा मेडिकल कालेज का विस्तार, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

बता दें कि वर्तमान में जहां मेडिकल कॉलेज चल रहा है, वह शहर का वार्ड नंबर 2 है, जबकि जहां इसके विस्तारीकरण की योजना है, वह शहर का वार्ड नंबर 12 है. यानी शहर के बीच में ही मेडिकल कॉलेज के विस्तार की योजना बनाई गई है.

नाहन|
वर्तमान में चल रहे नाहन अस्पताल से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी. जिलावासियों को इसी अस्पताल में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहेंगी. कांशीवाला में सिर्फ मेडिकल कॉलेज का ही विस्तार किया जाएगा. बड़ी और अहम बात ये है कि डा. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए कांशीवाला के समीप नेशनल हाइवे के साथ 161 बीघा भूमि फाइनल कर दी गई है. जल्द ही इसकी ट्रांफसर प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

बता दें कि यहां कॉलेज के लिए चयनित की गई इस 161 बीघा भूमि की मालिक हिमाचल सरकार है, जबकि इस पर नगर परिषद नाहन का कब्जा है. लिहाजा, इस भूमि को मेडिकल कॉलेज के नाम हस्तांतरण करने को लेकर 13 फरवरी को जनरल हाउस भी बुलाया गया है. हाउस की इस बैठक में नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी हिस्सा ले सकते हैं.

ये भी पढ़ें:  मेडिकल कालेज विस्तारीकरण : कांशीवाला में फाइनल जमीन की NOC को लेकर भाजपा पार्षदों का इनकार, अब आगे क्या ?

जानकारों की मानें तो वर्तमान में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन का इस्तेमाल नर्सिंग कॉलेज, एमसीएच सेंटर या फिर अकादमिक ब्लॉक इत्यादि के लिए भी किया जा सकता है, लेकिन आईजीएमसी जैसे हालात नाहन में न पैदा हो, इसके मद्देनजर मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए कांशीवाला में ही भूमि का चयन किया गया है.

यहां ये भी बताना जरूरी है कि आईजीएमसी शिमला के विस्तारीकरण के लिए जगह उपलब्ध न होने के कारण सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक 17-18 किलोमीटर दूर बनाया गया है. यही नहीं हमीरपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बीच भी दूरी करीब 12 किलोमीटर है. इसी तरह चंबा में भी अस्पताल से अलग मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया गया है.

जहां तक मौजूदा नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बात करें तो यहां पहुंचने के लिए ट्रैफिक जाम की समस्या आम हो रही है. पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान तक नहीं है. मरीजों को यहां पहुंचाना और रेफर मरीजों को यहां से पीजीआई चंडीगढ़ और दूसरे बड़े स्वास्थ्य संस्थानों तक ले जाना भी भविष्य में किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा.

अस्पताल में मरीजों की भीड़ इतनी ज्यादा है कि नंबर लगाना मुश्किल हो रहा है. बैठने के लिए उपयुक्त स्थान तक यहां नहीं है. ओपीडी के बाहर जगह इतनी तंग है कि मरीजों का दम घुट रहा है. लंबे समय से मरीज और तीमारदार इन सभी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. मेडिकल कालेज का डॉक्टर, स्टाफ और एमबीबीएस कर रहे छात्र भी इन सभी दिक्कतों से दो-चार हो रहे हैं.

इसी के मद्देनजर शहर से करीब एक-डेढ़ किलोमीटर दूर कांशीवाला में ही भूमि का चयन किया गया है. बता दें कि वर्तमान में जहां मेडिकल कॉलेज चल रहा है, वह शहर का वार्ड नंबर 2 है, जबकि जहां इसके विस्तारीकरण की योजना है, वह शहर का वार्ड नंबर 12 है. यानी शहर के बीच में ही मेडिकल कॉलेज के विस्तार की योजना बनाई गई है.

ये भी पढ़ें:  मेडिकल कालेज नाहन में जल्द शुरू होगी ये सुविधा, रोगियों को लंबी कतारों से मिलेगी निजात, समय भी बचेगा

नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि शहर में ही कांशीवाला में मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए भूमि फाइनल कर ली गई है. जल्द ही इसकी ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू की जाएगी. अस्पताल से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी और लोगों को मौजूदा अस्पताल में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहेंगी.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More