HomeHimachalSirmaurसिरमौर में बारिश का कहर: 73 सड़कें, 218 ट्रांसफार्मर, 64 पेयजल योजनाएं...

सिरमौर में बारिश का कहर: 73 सड़कें, 218 ट्रांसफार्मर, 64 पेयजल योजनाएं प्रभावित; सांप के काटने से युवक की मौत

सिरमौर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को जिले में कई सड़कें प्रभावित होने से लोग परेशान रहे। इसके साथ साथ बिजली ट्रांसफार्मर और पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं भी ठप हो गई हैं।

नाहन : जिला सिरमौर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को जिले में कई सड़कें प्रभावित होने से लोग परेशान रहे। इसके साथ साथ बिजली ट्रांसफार्मर और पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं भी ठप हो गई हैं। इससे लोगों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।

पिछले 24 घंटों में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण लोक निर्माण विभाग की 73 सड़कें बंद या क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनमें शिलाई मंडल की 27, संगड़ाह की 19, नाहन की 12, सराहां की 11, राजगढ़ की 3 और पांवटा की 1 सड़क शामिल है। हालांकि, सभी राष्ट्रीय राजमार्ग फिलहाल खुले हैं। सुबह के समय मारकंडा पुल के समीप पेड़ गिरने से पांवटा साहिब-कालाअंब हाईवे कुछ समय के लिए जरूर प्रभावित रहा, लेकिन पेड़ हटाने के बाद आवाजाही बहाल हो गई।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर: क्रेन से गिरकर मजदूर की दर्दनाक मौत, औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के लोहा उद्योग में हादसा

इस बीच बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। विद्युत बोर्ड के अनुसार जिले में 218 वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) प्रभावित हुए हैं। इनमें नाहन के 100, पांवटा साहिब के 64 और राजगढ़ के 54 ट्रांसफार्मर शामिल हैं।

जल शक्ति विभाग की 64 योजनाएं भी बारिश से प्रभावित हुई हैं। इनमें नाहन की 13, संगड़ाह की 24 और राजगढ़ की 27 पेयजल व सिंचाई योजनाएं शामिल हैं। अलग से नाहन मंडल की तीन पेयजल योजनाएं और एक सिंचाई योजना क्षतिग्रस्त हुई है, जिससे विभाग को करीब 24 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार पांवटा साहिब उपमंडल के जामनीवाला क्षेत्र में सहारनपुर निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार की सांप के काटने से मौत हो गई। वहीं ददाहू तहसील के भेडोन गांव में भीमानंद का गौशाला भवन बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ है, जिससे लगभग 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

ये भी पढ़ें:  उद्योग मंत्री ने कांटी मशवा में 1.27 करोड़ से निर्मित PHC भवन का किया लोकार्पण, बोले- शिलाई में तेजी से मजबूत हो रही स्वास्थ्य सेवाएं

बारिश से लोक निर्माण विभाग को सड़कों के नुकसान के कारण करीब 5.01 करोड़ रुपये की क्षति का प्रारंभिक अनुमान है।

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 159 मिमी वर्षा नाहन में दर्ज की गई। इसके अलावा नौहराधार में 100 मिमी, पांवटा साहिब में 98 मिमी, ददाहू में 97 मिमी, राजगढ़ में 91 मिमी, संगड़ाह में 80 मिमी और शिलाई में 65 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करने की अपील की है।

ये भी पढ़ें:  ITI नाहन में खाली सीटों पर एडमिशन का मौका, 11 अगस्त तक करें आवेदन, 12 से 14 अगस्त तक स्पॉट राउंड
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More