शिमला : हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ बैंड के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर जारी आदेशों के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
मामला निजी संगीत गतिविधियों और सोशल मीडिया मंचों से हुई आय से जुड़ा है। हालांकि विभाग ने कार्रवाई की विस्तृत वजह सार्वजनिक नहीं की है। आरोप है कि विजय कुमार ने विभाग की पूर्व अनुमति लिए बिना निजी म्यूजिक एल्बम तैयार किए और उन्हें फेसबुक समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया। इन माध्यमों से उन्हें हर महीने आय होने की बात सामने आई है।
पुलिस मुख्यालय यह जांच करेगा कि सरकारी सेवा में रहते हुए उन्होंने सेवा नियमों का उल्लंघन किया या नहीं तथा बिना विभागीय अनुमति के व्यावसायिक गतिविधियों में शामिल होकर आचरण नियमों का हनन किया या नहीं। इस कार्रवाई से पहले पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने इंस्पेक्टर विजय कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
उनसे पूछा गया था कि निजी म्यूजिक एल्बम बनाने, उनके प्रकाशन और प्रचार के लिए क्या उन्होंने सक्षम प्राधिकारी से पहले अनुमति ली थी। उनसे यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया मंचों से हुई आय का पूरा विवरण भी मांगा गया था। विजय कुमार ने अपना जवाब दिया, लेकिन विभाग ने उसे संतोषजनक नहीं माना।
पूरे मामले की विभागीय जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई है। उन्हें तीन माह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच के दौरान सोशल मीडिया से होने वाली आय की प्रकृति, विभागीय अनुमति की स्थिति और संबंधित सेवा नियमों के पालन की भी विस्तार से जांच की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ हिमाचल प्रदेश पुलिस का प्रतिष्ठित बैंड है, जिसने राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रस्तुतियों से पहचान बनाई है। पुलिस और सरकारी आयोजनों के अलावा विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी इस बैंड की प्रस्तुतियों को सराहना मिलती रही है। ऐसे प्रतिष्ठित बैंड के प्रभारी अधिकारी पर हुई कार्रवाई पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार विभागीय जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विजय कुमार निलंबित हैं और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
