चंबा : अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त एवं संयोजक सांस्कृतिक उप समिति अमित मैहरा की अध्यक्षता में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में सांस्कृतिक उप समिति के गैर सरकारी और सरकारी सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में मिंजर मेले के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न सांस्कृतिक संध्याओं और कलाकारों के चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अमित मैहरा ने कहा कि सांस्कृतिक उप समिति के सदस्य लोगों की रुचि के अनुरूप कलाकारों के चयन को लेकर एक सूची तैयार करें।
बैठक में स्टेज लाइट एवं साउंड व्यवस्था, स्टेज आर्केस्ट्रा सहित स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में गैर सरकारी सदस्यों ने सांस्कृतिक संध्याओं एवं कलाकारों के चयन से संबंधित अपने सुझाव भी रखे।
गौरतलब है कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का आयोजन 26 जुलाई से 2 अगस्त तक किया जा रहा है। जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, गैर सरकारी सदस्य , जगदीश हांडा, संजीव सूरी, ललित भूषण, जीवन सालरिया , हेम ठाकुर, उमेश कुमार, नरेश राणा, कपिल भूषण, सहित सांस्कृतिक उप समिति के विभिन्न सदस्य बैठक में उपस्थित रहे।
