शिमला : हैदराबाद में हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय रग्बी खेलकूद प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम में शामिल राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा के चार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में आर्यन कवर ने हिमाचल प्रदेश रग्बी टीम के उप कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व किया। वहीं छात्राओं के वर्ग में पायल वर्मा, छात्र वर्ग में आदित्य वर्मा और धैर्य चौहान ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय का नाम रोशन किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। प्रधानाचार्य बनवारी लाल केशव, डीपीई मोहनलाल शर्मा तथा पीईटी नंदलाल शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में अनुशासन, मेहनत और समर्पण से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा खेलों में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
पीईटी नंदलाल शर्मा ने हिमाचल प्रदेश रग्बी संघ के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद, महासचिव विशाल सरीन, कोषाध्यक्ष सुधीर राजपूत तथा टीम कोचों का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संघ और प्रशिक्षकों के सहयोग से ही प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
