पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में रामपुरघाट-हरिपुर टोहाना सड़क पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सन्नी पुत्र कश्मीरी लाल निवासी गांव हरिपुर टोहाना ने पुलिस थाना पुरुवाला में शिकायत दर्ज करवाई कि रामपुरघाट की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक मोटरसाइकिल ने सामने सही दिशा में जा रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में साइकिल सवार जीवन सिंह पुत्र सरना राम निवासी गांव हरिपुर टोहाना, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर अस्थायी नंबर HP-T062 HP61938 अंकित था। मामले में मोटरसाइकिल चालक सोनू कुमार निवासी अलौली, जिला खगरिया (बिहार) के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पच्छाद में पकड़ीं 12 बोतल देसी शराब
पच्छाद : पुलिस थाना पच्छाद क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 12 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को थाना पच्छाद की टीम गश्त के दौरान नैना टिक्कर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सतेश कुमार निवासी गांव शोगी, पच्छाद, एक बोरे में अवैध शराब लेकर डिलमन की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 बोतल देसी शराब बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। एसपी सिरमौर ने मामले की पुष्टि की है।
