राजगढ़ : जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ के कडीयुत (हाब्बन रोड) में क्रिकेट खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित ‘नॉर्थ हिल क्रिक ज़ोन’ इंडोर क्रिकेट एरीना का शनिवार को शुभारंभ हुआ। पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने फीता काटकर एरीना का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक रीना कश्यप ने एरीना में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया और इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की आधुनिक खेल सुविधा का शुरू होना गर्व की बात है और इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि राजगढ़ क्षेत्र के फागु में धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की तर्ज पर आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें। उन्होंने ठाकुरद्वारा कडीयुत के विकास कार्यों के लिए अपनी विधायक निधि से एक लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
‘नॉर्थ हिल क्रिक ज़ोन’ के संचालक रित्विक ठाकुर ने बताया कि एरीना में खिलाड़ियों के लिए प्रीमियम इंडोर नेट्स, एडवांस्ड बॉलिंग मशीन, मैच सिमुलेशन, एस्ट्रोटर्फ एवं मैट पिच, फ्लडलाइट्स तथा ऑल वेदर प्रैक्टिस जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा नेट सेशन, फिटनेस एवं ड्रिल्स, प्रोफेशनल कोचिंग और उन्नत क्रिकेट प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बड़े शहरों जैसी आधुनिक क्रिकेट प्रशिक्षण सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि युवा खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बाहर न जाना पड़े और उनकी प्रतिभा को बेहतर मंच मिल सके।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सरोज बाला, नगर पंचायत राजगढ़ के उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, सुनील शर्मा, ग्राम पंचायत शलाना के उपप्रधान हर्ष ठाकुर, बीडीसी सदस्य विवेक पलाहा, क्रिकेट खिलाड़ी धीरज ठाकुर, कपिल ठाकुर, अजय ठाकुर सहित बड़ी संख्या में युवा, खेल प्रेमी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।