संगड़ाह/राजगढ़ : जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के हरिपुरधार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को सिविल हॉस्पिटल का दर्जा देने की मांग ने फिर जोर पकड़ लिया है। भाजपा नेत्री एवं वार्ड नंबर-2 दानाघाटों से जिला परिषद सदस्य अंकिता ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर हरिपुरधार पीएचसी को स्तरोन्नत कर सिविल हॉस्पिटल बनाने का आग्रह किया है।
अंकिता ठाकुर ने बताया कि वह इस मुद्दे को जिला परिषद की बैठक में भी उठा चुकी हैं। उन्होंने पत्र में कहा है कि हरिपुरधार करीब तीन दर्जन ग्राम पंचायतों का केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की कमी के कारण लोगों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि वर्ष 2021 में तत्कालीन जयराम सरकार ने इस पीएचसी को सिविल हॉस्पिटल का दर्जा देकर डॉक्टरों और स्टाफ की व्यवस्था की थी, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद इस अधिसूचना को निरस्त कर दिया।
अंकिता ठाकुर का कहना है कि गिरिपार का यह क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम और पिछड़ा है। यहां लगातार सड़क हादसे सामने आते हैं, लेकिन पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण लोगों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित में हरिपुरधार पीएचसी को दोबारा सिविल हॉस्पिटल के रूप में स्तरोन्नत करने का निर्णय लेने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेसी नेता एवं हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बोर्ड के नामित सदस्य बृजराज ठाकुर के नेतृत्व में भी क्षेत्र के कई प्रतिनिधि मुख्यमंत्री से मिलकर हरिपुरधार में सिविल हॉस्पिटल की मांग उठा चुके हैं।
