बीबीएन : पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने शुक्रवार को पुलिस थाना मानपुरा का औपचारिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना, लंबित मामलों की प्रगति तथा थाना स्तर पर संचालित प्रशासनिक एवं पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने, अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से एंटी-चिट्टा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने और नशा तस्करों व मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस जिला बद्दी को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और अवैध नशा कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी और जनहितैषी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।
