पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गत रात पुरुवाला चौक के समीप सालवाला रोड पर मोटरसाइकिल चला रहे रवि कुमार ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में चालक रवि कुमार और पीछे बैठे चंद किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान रवि कुमार निवासी रक्सोल, बिहार की मौत हो गई। वहीं चंद किशोर का उपचार जारी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस संबंध में मुस्ताक निवासी ग्राम पुरुवाला की शिकायत पर पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
