HomeHimachalSirmaurपांवटा साहिब में हाईवे पर 4 फीट तक भरा पानी, लोगों ने...

पांवटा साहिब में हाईवे पर 4 फीट तक भरा पानी, लोगों ने लगाया जाम; दुकानों और घरों में घुसा पानी, कालाअंब भी बेहाल

सिरमौर में मंगलवार को हुई मूसलधार बारिश ने पांवटा साहिब और कालाअंब में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सबसे ज्यादा खराब हालात पांवटा साहिब के भूपपुर क्षेत्र में रहे

नाहन : जिला सिरमौर में मंगलवार को हुई मूसलधार बारिश ने पांवटा साहिब और कालाअंब में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सबसे ज्यादा खराब हालात पांवटा साहिब के भूपपुर क्षेत्र में रहे, जहां नेशनल हाईवे पर करीब आधा किलोमीटर तक 3 से 4 फीट पानी भर गया। बरसाती पानी दुकानों और घरों में घुसने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और हाईवे पर वाहन खड़े कर चंडीगढ़-देहरादून हाईवे पर जाम लगा दिया।

भूपपुर में नालियां बंद होने के कारण बारिश का पानी हाईवे पर जमा हो गया। देखते ही देखते पानी लोगों की दुकानों और घरों में घुस गया, जिससे सामान भी खराब हो गया। नाराज लोगों ने बीच सड़क पर वाहन खड़े कर नगर परिषद और नेशनल हाईवे प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे चंडीगढ़-देहरादून नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

ये भी पढ़ें:  सोलन में चिट्टे के साथ पंजाब के दंपति समेत 3 गिरफ्तार, SIU ने होटल में दबिश देकर बरामद किया नशा

सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े रहे कि जब तक नगर परिषद और नेशनल हाईवे के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। लोगों का कहना था कि हर बारिश में यहां यही हाल होता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

उधर, औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में भी भारी बारिश के कारण कई सड़कें पानी में डूब गईं। जगह-जगह पानी भरने से छोटे वाहन गड्ढों और नालियों में फंसते रहे। इससे वाहन चालकों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। लंबे समय से लोग यहां जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठा रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है। कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क पर पानी भरने से राहगीरों के साथ साथ दो पहिया वाहन चालकों समेत श्रद्धालुओं और उद्योगपतियों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

ये भी पढ़ें:  शिक्षा बोर्ड को कांग्रेस का राजनीतिक स्वागत केंद्र बना दिया गया, विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर: राकेश जमवाल
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More