नाहन : नाहन शहर की ऐतिहासिक पहचान और सबसे पसंदीदा सैरगाह विला राउंड अब नए स्वरूप में नजर आएगा। ऐतिहासिक विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए यहां आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि यह स्थान शहरवासियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सके। मंगलवार को विधायक अजय सोलंकी ने विला राउंड-सैरगाह के सौंदर्यकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत कर दी।
हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती के अवसर पर विधायक ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

शिलान्यास के बाद विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि विला राउंड नाहन शहर के “फेफड़ों” की तरह है। यह केवल सैरगाह नहीं, बल्कि शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर है। इसलिए इसका विकास इस तरह किया जाएगा कि इसकी मूल पहचान और विरासत पूरी तरह सुरक्षित रहे।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मोक्षधाम नाहन का सौंदर्यकरण कर उसे गरिमामय स्वरूप दिया गया, उसी तर्ज पर विला राउंड-सैरगाह को भी विकसित किया जाएगा। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके।
परियोजना के तहत पैदल मार्गों का सुदृढ़ीकरण, हरित क्षेत्र का विस्तार, आकर्षक लैंडस्केपिंग, बैठने की आधुनिक व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाएं और युवाओं व वरिष्ठ नागरिकों के लिए ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उद्देश्य केवल सौंदर्यकरण नहीं, बल्कि विला राउंड को ऐसा प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थल बनाना है, जहां हर आयु वर्ग के लोग सुकून और स्वास्थ्य दोनों का आनंद ले सकें।
अजय सोलंकी ने कहा कि यह परियोजना केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि शहर की साझा विरासत से जुड़ा अभियान है। उन्होंने नाहन के बुद्धिजीवियों, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों से सुझाव देने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय भावनाओं और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखकर आदर्श विकास योजना तैयार की जा सके।
उन्होंने शहरवासियों से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने, पौधों की सुरक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि विकास तभी सार्थक होगा, जब समाज भी उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए।
विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता नाहन की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए शहर को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहरों में शामिल करना है। आने वाले समय में शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण और सौंदर्यकरण पर भी योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
इस मौके पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त एकता काप्टा, एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर परिषद के पार्षद समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
