राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के शाया-छबरोन क्षेत्र से चूड़धार मंदिर तक सुरक्षित पैदल मार्ग निर्माण के लिए चंपा के पत्र पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय ने जिला प्रशासन सिरमौर को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि राजगढ़ के नेरी-कोटली गांव की निवासी चंपा ने 15 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर शिरगुल महाराज मंदिर शाया से चूड़धार मंदिर तक एक सुरक्षित एवं व्यवस्थित पैदल मार्ग के निर्माण का आग्रह किया था। अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया था कि शाया और आसपास के क्षेत्रों से प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु चूड़धार मंदिर की यात्रा करते हैं, लेकिन वर्तमान में इस मार्ग पर उचित पगडंडी और दिशा-निर्देशक सुविधाओं का अभाव है।
ऐसे में श्रद्धालुओं को घने जंगलों से होकर गुजरना पड़ता है। इस कारण कई बार लोग रास्ता भटक जाते हैं। पिछले वर्षों में मार्ग भटकने की घटनाओं के चलते कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है।
चंपा की ओर से भेजे गए पत्र पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने गंभीरता से विचार करते हुए उपायुक्त सिरमौर को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त सिरमौर ने एसडीएम और तहसीलदार राजगढ़ को मामले की जांच कर मौके का निरीक्षण करने और विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि शाया से चूड़धार तक सुरक्षित पैदल मार्ग विकसित किया जाता है तो इससे श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित होगी। साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं और लोगों को उम्मीद है कि इस पहल के माध्यम से चूड़धार जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
