बिलासपुर : घुमारवीं उपमंडल के तहत किरतपुर-नेरचौक फोरलेन से सटी ग्राम पंचायत पनोह के फेटीधार क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 14 अगस्त को दधोल, घुमारवीं में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा करेंगे। यह जानकारी तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने रविवार को ग्राम पंचायत पनोह में महिला मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जनसभा को संबोधित करते हुए दी।
राजेश धर्माणी ने कहा कि फेटीधार में प्रस्तावित बायोडायवर्सिटी पार्क का उद्देश्य क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता का संरक्षण करने के साथ-साथ इसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना है। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन से होकर कुल्लू-मनाली जाने वाले पर्यटकों को पार्क की ओर आकर्षित किया जाएगा, ताकि वे यहां रुककर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकें। इससे फोरलेन से सटी पंचायतों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि फोरलेन के किनारे विकसित होने वाला यह पार्क क्षेत्र में पर्यटन का नया आकर्षण बन सकता है। पार्क के विकसित होने से स्थानीय स्तर पर छोटे कारोबार, पर्यटन आधारित गतिविधियों और अन्य स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान विमला देवी, बीडीसी सदस्य कौशल्या कुमारी, ग्राम सुधार समिति के प्रधान राजेश्वर सिंह, पूर्व प्रधान कुलजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
