नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की तालाबंदी वाली कांग्रेस सरकार ने नाहन की जनता को एक और तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन से चार वर्षों में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान नाहन और सिरमौर की जनता को लगातार सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। एक के बाद एक संस्थानों और सेवाओं पर तालाबंदी की जा रही है।
एचआरटीसी के कई बस रूट किए जा चुके बंद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एचआरटीसी के अनेक बस रूटों को बंद करने का काम किया गया है। इससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब नाहन-दिल्ली बस सेवा भी बंद
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अब नाहन से दिल्ली के लिए चलने वाली एचआरटीसी (HRTC) बस सेवा को भी बंद कर दिया है। यह बस सेवा नाहन और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। उन्होंने कहा कि अनेक लोग सुबह इस बस से दिल्ली जाकर अपने काम निपटाते थे और शाम को इसी बस के माध्यम से वापस अपने घर लौटते थे। नाहन दिल्ली बस सेवा बंद होने से व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
स्कूलों से लेकर स्वास्थ्य संस्थानों तक लग रहे ताले
उन्होंने कहा कि स्कूल बंद करना, पटवार सर्कलों पर तालाबंदी करना, उप-तहसील और तहसील स्तर की व्यवस्थाओं को बंद करना और स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की कमी करना कांग्रेस सरकार की कार्यशैली बन गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं तथा मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा भी सरकार की अनदेखी का शिकार हो रही है।
जनता की सुविधाएं बढ़ाने के बजाय बंद करने में लगी है कांग्रेस सरकार
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नाहन और सिरमौर की जनता को कांग्रेस सरकार लगातार एक के बाद एक दंड दे रही है। जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के बजाय पहले से चल रही सेवाओं और व्यवस्थाओं को बंद किया जा रहा है।
आने वाले चुनाव में जनता देगी जवाब
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नाहन और सिरमौर की जनता कांग्रेस सरकार के सभी निर्णयों को देख रही है और हर फैसले का हिसाब रख रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को इसका जवाब देने वाली है और कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों का जवाब अपने मत के माध्यम से देगी।
