HomeHimachalमुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि के तहत 1,500 मछुआरों को 3,500 रुपये प्रति...

मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि के तहत 1,500 मछुआरों को 3,500 रुपये प्रति लाभार्थी हस्तांतरित

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि योजना के तहत बिलासपुर जिला के 1,500 मछुआरों को 3,500 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से कुल 52.50 लाख रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की।

बिलासपुर : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि योजना के तहत बिलासपुर जिला के 1,500 मछुआरों को 3,500 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से कुल 52.50 लाख रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की।

उन्होंने मछुआरा समितियों पर लगाए गए पांच गुना जुर्माने को माफ करने और कोल्ड स्टोरेज इकाइयां स्थापित करने के लिए दी जाने वाली सब्सिडी को 70 प्रतिशत से बढ़ाकर 80 प्रतिशत करने की घोषणा भी की। उन्होंने पूरे प्रदेश में मछुआरों को लाइफ जैकेट उपलब्ध करवाने के लिए 50 लाख रुपये और मछुआरों के लिए लैंडिंग सुविधाएं विकसित करने के लिए 10 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।

इसके अतिरिक्त झंडूता विधानसभा क्षेत्र में 10 संपर्क सड़कों के निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए प्रत्येक सड़क के लिए 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय स्नातक महाविद्यालय झंडूता में बीसीए और बीबीए कक्षाएं शुरू करने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर धराडसानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जन आकांक्षाओं को सुनना और उसी के अनुरूप नीतियां बनाना ही ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का वास्तविक सार व ध्येय है। उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार से मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचने के कारण वह आम लोगों के सामने आने वाली कठिनाइयों को समझते हैं। उन्होंने कहा कि मछुआरों की कड़ी मेहनत और उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने उनके कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

ये भी पढ़ें:  सीएम सुक्खू ने चंबा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, सुल्तानपुर में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का निरीक्षण

सुक्खू ने कहा कि जलाशयों से पकड़ी जाने वाली मछली पर रॉयल्टी वित्त वर्ष 2025-26 में 15 प्रतिशत से घटाकर 7.50 प्रतिशत की गई थी और अब इसे और घटाकर केवल एक प्रतिशत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उत्पादित मछलियों को दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे प्रमुख बाजारों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार रेफ्रिजरेटेड वाहनों की खरीद पर 70 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान कर रही है। मछुआरों को बेहतर और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रमुखता से कार्य कर रही है। इस दिशा में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है ताकि लोगों को अपने गांवों में ही आजीविका के साधन उपलब्ध हों।

ये भी पढ़ें:  जयराम का सरकार पर हमला, बोले- 2 दिन में शिमला जिला परिषद चुनाव की तारीख घोषित नहीं हुई तो जाएंगे हाईकोर्ट

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि आज का दिन प्रदेश में मछुआरों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और मुख्यमंत्री के संवेदनशील दृष्टिकोण से मछुआरा समुदाय के कल्याण के लिए अनेक महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने के उपरांत सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक अनाथालय का दौरा कर उन बच्चों की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अपना पहला ही निर्णय निराश्रित बच्चों के कल्याण की दिशा में लिया। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्णय आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं और ‘व्यवस्था परिवर्तन’ के नारे को वास्तविक अर्थ दे रहे हैं।

पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार 6,000 से अधिक मछुआरों के हितों का ध्यान रख रही है और उनके कल्याण के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिला के विकास में कांग्रेस पार्टी की सरकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा कि भाजपा के सत्ता में लौटने की उम्मीदें पूरी नहीं होंगी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार प्रदेश में दोबारा सत्तासीन होगी।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में बारिश का कहर: 73 सड़कें, 218 ट्रांसफार्मर, 64 पेयजल योजनाएं प्रभावित; सांप के काटने से युवक की मौत

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता झूठ को सच के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास कर रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की यह जिम्मेदारी है कि वे सच्चाई को सामने रखें तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा और बीरू राम किशोर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, गुड़िया सक्षम बोर्ड की अध्यक्ष अरुणा महाजन, सचिव मत्स्य प्रियंका बसु इंग्टी, उपायुक्त राहुल कुमार और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More