ऊना : जिला ऊना में स्कूटी की टक्कर से घायल हुई महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला सड़क किनारे खड़ी थी।
इसी दौरान वहां से गुजर रही स्कूटी ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत पर स्कूटी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे अमरिंद्र निवासी गांव भगड़ा, तहसील अंब स्कूटी पर जा रहा था।
इस दौरान उसकी स्कूटी की टक्कर सड़क किनारे खड़ी जोगिंद्र कौर पत्नी स्वर्गीय राम कृष्ण सैनी निवासी लोअर अरनियाला, डाकघर कोटला कलां से हो गई।
हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान घायल महिला ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर स्कूटी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।




