HomeHimachalShimla‘पेपर हुआ ही नहीं तो लीक कहां से होगा?’ बिंदल का सुक्खू...

‘पेपर हुआ ही नहीं तो लीक कहां से होगा?’ बिंदल का सुक्खू सरकार पर जुबानी हमला, नौकरियों से लेकर महंगाई-कर्ज तक घेरा

भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में एक लाख सरकारी नौकरियां और 5 लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज युवा वर्षों से भर्ती परीक्षाओं का इंतजार कर रहे हैं और बड़ी संख्या में सरकारी विभागों में पद खाली पड़े हैं।

शिमला : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर बेरोजगारी, बढ़ते टैक्स, महंगाई, कर्ज और विकास कार्यों में कथित ठहराव को लेकर तीखा हमला बोला। भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में एक लाख सरकारी नौकरियां और 5 लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज युवा वर्षों से भर्ती परीक्षाओं का इंतजार कर रहे हैं और सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने एक लाख सरकारी नौकरियों की प्रक्रिया पहली कैबिनेट से शुरू करने का वादा किया था। राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से प्रदेश में करीब 87 हजार पद रिक्त होने की बात कहते हुए 33 हजार अतिरिक्त पद सृजित करने का दावा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का कार्यकाल लगभग 4 वर्ष पूरा होने को है, लेकिन बेरोजगार युवाओं के हाथ नौकरी के बजाय निराशा लगी है।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं, जिससे रिक्त पदों की संख्या और बढ़ी है। प्रदेश का बेरोजगार युवा स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। युवाओं में आक्रोश है और वे लगातार अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं। कांग्रेस ने रोजगार के नाम पर जो सपने दिखाए थे, अब वही वादे उसके लिए सबसे बड़ा सवाल बन गए हैं।

कांग्रेस सरकार द्वारा पेपर लीक न होने को उपलब्धि बताने पर डॉ. बिंदल ने तंज कसते हुए कहा, “पेपर हुआ ही नहीं तो लीक कहां से होगा?” तीन-चार वर्षों से विद्यार्थी लाइब्रेरियों में बैठकर भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन अनेक भर्तियों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के छोटे से गांव की बेटी मेघा सिंह कंवर ने रचा इतिहास, बनीं HPAS टॉपर

उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार देने के बजाय ऐसी नियुक्तियों पर जवाब दे, जिनमें न लिखित परीक्षा हुई और न इंटरव्यू। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के एक मंत्री स्वयं सार्वजनिक रूप से सैकड़ों लोगों को लगाने की बात कह चुके हैं। सरकार बताए कि इन नियुक्तियों की चयन प्रक्रिया क्या थी और ऐसे कितने लोग विभिन्न विभागों व संस्थानों में लगाए गए हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा ऐसी नियुक्तियों में पारदर्शिता की मांग करती है और आवश्यकता पड़ने पर इनकी जांच होनी चाहिए।

गरीब की आमदनी नहीं बढ़ाई, खर्च कई गुना बढ़ा दिया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आम आदमी की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी काम नहीं किया, लेकिन खर्च बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने हाल ही में पेट्रोल और डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर अतिरिक्त सेस लगाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि सरकार के करीब पौने 4 वर्ष के कार्यकाल में पेट्रोल-डीजल पर बढ़े करों और कीमतों से जनता पर करीब 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों पर बढ़ा बोझ परिवहन लागत के माध्यम से रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों को भी प्रभावित करता है।

सीमेंट, राशन और स्टांप ड्यूटी पर भी सरकार को घेरा
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि सीमेंट पर टैक्स का बोझ बढ़ने से हिमाचल में उपभोक्ताओं को महंगा सीमेंट खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने स्टांप ड्यूटी में बढ़ोतरी, डिपुओं पर दाल, तेल, चावल और आटे की कीमतों में वृद्धि का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। बागवानों और किसानों की लागत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि खाद, बीज, कीटनाशक, परिवहन और अन्य कृषि-बागवानी इनपुट महंगे होने से उत्पादन लागत बढ़ रही है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती: 30 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन, 29 अगस्त आखिरी तारीख

बस महंगी, बिजली महंगी, पानी महंगा और इलाज भी महंगा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने HRTC की बस सेवाओं और किराये को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी, कर्मचारी, मजदूर और सामान्य परिवार दैनिक यात्रा के बढ़ते खर्च से प्रभावित हो रहे हैं। कई रूट बंद होने से भी लोगों की परेशानी बढ़ी है। बिजली के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले राहत देने का वादा किया था, लेकिन सब्सिडी में कटौती और विभिन्न शुल्कों के कारण उपभोक्ताओं पर बोझ बढ़ा है। उन्होंने पानी और बिजली से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक बढ़ते खर्च का आरोप लगाया।

‘हजारों करोड़ का कर्ज लिया, विकास कहां है?’
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में हजारों करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर्ज लिया, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर विकास दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने सड़कों की खराब स्थिति, नई भर्तियों में कथित ठहराव और संस्थानों को बंद किए जाने का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में दिखाई दे रहे बड़े सड़क और आधारभूत ढांचे के कार्यों में केंद्र सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई धनराशि की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कर्मचारियों और पेंशनरों के एरियर, महंगाई भत्ते, मेडिकल बिल और अन्य देनदारियों के भुगतान में देरी का भी आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नौकरियां नहीं मिलीं, विकास कार्यों में गति नहीं आई, संस्थान बंद हुए और टैक्स बढ़े तो हजारों करोड़ रुपये का कर्ज आखिर कहां खर्च हुआ।

ये भी पढ़ें:  नाहन में पल्स पोलियो अभियान की बड़ी तैयारी, एसडीएम ने शत प्रतिशत कार्यक्रम सफल बनाने के दिए निर्देश

मानसून सत्र में सरकार को घेरेगा भाजपा विधायक दल
डॉ. बिंदल ने कहा कि आगामी विधानसभा मानसून सत्र में भाजपा विधायक दल सरकार की जनविरोधी और गरीब विरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और माफिया राज से जुड़े मुद्दे मजबूती से उठाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को विधानसभा के साथ जनता के बीच भी लेकर जाएगी।

2027 के लिए पूरी तरह तैयार भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत कर रही है। विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों तक पार्टी की नीतियां और कार्यक्रम पहुंचाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “2027 हमारा स्वाभाविक लक्ष्य है।” डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी होने के नाते भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी मजबूती से जुटी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का आम आदमी कांग्रेस सरकार से एक लाख सरकारी नौकरियों, 5 लाख रोजगार, रिक्त पदों को भरने, बढ़ते टैक्स, कर्ज के इस्तेमाल और विकास की स्थिति को लेकर जवाब मांग रहा है। जनता समय आने पर कांग्रेस से इसका हिसाब लेगी।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More