संगड़ाह : सिरमौर जिला के उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह में करीब चार माह से खाली चल रहे डीएसपी पद पर एचपीएस अधिकारी मंगत राम ठाकुर ने मंगलवार को कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मचारियों से क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
मंगत राम ठाकुर इससे पहले असिस्टेंट कमांडेंट प्रथम आईआरबीएन बनगढ़, डीएसपी मुख्यालय सोलन और डीएसपी शिमला शहरी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। मंडी जिला की करसोग घाटी से संबंध रखने वाले मंगत राम ठाकुर को संगड़ाह की भौगोलिक परिस्थितियों का भी अनुभव है।
उन्होंने कहा कि वह यहां की परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं और यहां की चुनौतियों को समझते हुए पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखना, आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी पुलिस का सहयोग करने और क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
नए डीएसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मचारियों से क्षेत्र में कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में सहयोग की अपील भी की।
- ये भी पढ़ें : जल शक्ति विभाग की भर्ती पर हिमाचल किसान सभा ने उठाए सवाल, दिव्यांगों को आरक्षण देने के साथ उठाई ये मांग
- ये भी पढ़ें : मोबाइल लूट का 24 घंटे में खुलासा, पुलिस ने अमृतसर और जालंधर से गिरफ्तार किए दो आरोपी





