
नाहन : जल जीवन मिशन के तहत सिरमौर जिला में 1,21,917 घरों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में जिला जल स्वच्छता मिशन समिति (DWSM) की बैठक में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों और पेयजल की गुणवत्ता की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और उनकी साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ये जल स्रोत ग्रामीण परिवेश का अभिन्न हिस्सा हैं और इनके संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
बैठक में बताया गया कि जिला में जल जीवन मिशन के तहत कुल 237 योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें से 199 योजनाओं का भौतिक कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 164 योजनाएं वित्तीय रूप से भी पूर्ण कर ली गई हैं। वर्तमान में 38 योजनाओं पर कार्य जारी है।
उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को पेयजल की कमी वाले क्षेत्रों के साथ-साथ स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
पेयजल की गुणवत्ता की समीक्षा के दौरान बैठक में बताया गया कि वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक जिला में उपलब्ध पांच पेयजल परीक्षण प्रयोगशालाओं में 8,091 पानी के नमूनों की जांच की गई है। इनमें 3,505 रासायनिक और 4,586 बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण शामिल हैं। वहीं, पिछले वित्त वर्ष के दौरान 6,175 रासायनिक और 14,126 बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण किए गए थे।
उपायुक्त ने विभिन्न पेयजल योजनाओं से पानी के नमूनों की नियमित जांच जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी पानी की गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को केवल स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
अधिशासी अभियंता जल शक्ति देवानंद पुंडीर ने बैठक में विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला के 1,590 स्कूलों में नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके अलावा नल जल मित्र कार्यक्रम के तहत जिला में जल रक्षक, एमपीडब्ल्यू, पैरा पीओ और पैरा फीटर के 119 अभ्यर्थियों को आईटीआई में प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता काप्टा, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. विनोद सांगल, उप निदेशक कृषि साहिब सिंह सहित जिला जल स्वच्छता मिशन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
