चंद्रकांत पाराशर
वाराणसी : धर्म नगरी काशी के समीप सारनाथ स्थित श्री गुरु हनुमान मंदिर में आगामी 29 नवंबर को भक्ति, साधना और अध्यात्म का विशेष संगम देखने को मिलेगा।
यहां पहली बार ‘योगेश्वरी श्रीमद्भगवद्गीता अखंड पाठ एवं गिरिराज-गायत्री हवन’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर देश के विभिन्न राज्यों में रहने वाले योगीराज शैलेंद्र शर्मा के शिष्यों और श्रद्धालुओं में उत्साह है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ इस आध्यात्मिक समागम में शामिल होने के लिए सारनाथ पहुंचेंगे।
इस आयोजन की खास बात यह है कि श्री गुरु हनुमान मंदिर सारनाथ वही पावन स्थल है, जहां गोवर्धन श्मशान निवासी योगीराज गुरु शैलेंद्र शर्मा ने वर्ष 1993 में छह माह तक साधना की थी और प्रवास किया था।
गुरुजी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में पहली बार इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में यह समागम केवल धार्मिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि गुरुजी की साधना से जुड़े ऐतिहासिक और आध्यात्मिक प्रसंगों को फिर से स्मरण करने का अवसर भी बनेगा।
आश्रम के संयोजक श्री गुप्तेश्वर शास्त्री ने बताया कि योगीराज गुरुजी की वाणी से प्रवाहित योग ज्ञानधारा से ओतप्रोत योगेश्वरी श्रीमद्भगवद्गीता के अखंड पाठ के माध्यम से श्रद्धालुओं को योग, भक्ति, ज्ञान और अध्यात्म की पावन अनुभूति प्राप्त होगी।
एक दिवसीय आयोजन में विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा, साधना और भक्ति की भावना को विशेष रूप से अभिव्यक्त किया जाएगा। गीता के आध्यात्मिक संदेश और हवन के धार्मिक महत्व के बीच श्रद्धालुओं को धर्म एवं साधना से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
अध्यात्म के साथ सजेगी सुरों की महफिल
इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संगीत की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। बॉलीवुड के प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं प्रोड्यूसर निर्भय शुक्ला अपनी मधुर आवाज और संगीत के माध्यम से प्रस्तुति देंगे।
भक्ति और संगीत के इस संगम से आयोजन में एक अलग आध्यात्मिक रंग देखने को मिलेगा। सारनाथ की पावन धरा पर उनकी सुरीली प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।
स्मृतियों को भी मिलेगा स्थान
श्री गुरु हनुमान मंदिर शक्तिपीठ सारनाथ से जुड़े आध्यात्मिक इतिहास और स्मृतियों को संरक्षित करना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
इसके तहत वर्ष 1993 में योगीराज गुरुजी द्वारा इस स्थल पर बिताए गए छह माह के साधना काल से जुड़े अनुभवों और प्रसंगों को साझा किया जाएगा। उस समय गुरुजी के सान्निध्य में रहे वरिष्ठ साधक अपने संस्मरण, अनुभव और महत्वपूर्ण घटनाओं को श्रद्धालुओं के साथ साझा करेंगे।
इस पहल के माध्यम से गुरुजी की साधना यात्रा से जुड़ी अनमोल स्मृतियों और अनुभवों को संकलित कर भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने का प्रयास किया जाएगा। इससे मंदिर के आध्यात्मिक इतिहास और गुरुजी के साधना काल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
देशभर से पहुंचेंगे शिष्य और श्रद्धालु
29 नवंबर को होने वाले इस विशेष आयोजन को लेकर श्री गुरु हनुमान मंदिर सारनाथ परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचने वाले शिष्यों और श्रद्धालुओं के स्वागत, धार्मिक अनुष्ठानों तथा अन्य कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन के जरिए सारनाथ की आध्यात्मिक पहचान के साथ गुरु योगीराज की साधना परंपरा और गुरु-शिष्य संबंधों की विरासत को भी विशेष रूप से सामने लाने की तैयारी है।
- ये भी पढ़ें : नौकरी छूटी तो 2 महीने बाद निकाल सकेंगे पूरा PF, खाते में सिर्फ 10% रकम रखना होगा अनिवार्य, EPFO ने बदले नियम
- ये भी पढ़ें : गाड़ियों के पॉल्यूशन सर्टिफिकेट की वैधता अवधि में बदलाव, केंद्र सरकार ने बदले PUC के नियम, वाहन चालकों को राहत





