नाहन : हिमाचल प्रदेश सरकार ने नाहन और पांवटा साहिब उपमंडलों की Sub-Divisional Planning, Development & 20-Point Programme Review Committee के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी नाहन के विधायक अजय सोलंकी को सौंपी है। सरकार के प्रधान सचिव योजना की ओर से जारी अधिसूचना के तहत यह नामांकन तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि इस संबंध में विभाग की ओर से पहले जारी की गई सभी अधिसूचनाओं को अधिक्रमित करते हुए नए अध्यक्षों का नामांकन किया गया है। इसी के तहत अजय सोलंकी को नाहन तथा पांवटा साहिब उपमंडलों की संबंधित समीक्षा समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नई जिम्मेदारी के तहत विधायक अजय सोलंकी दोनों उपमंडलों में चल रही विकास योजनाओं और कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने, विकास कार्यों से संबंधित मुद्दों को देखने तथा जनता से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाने की भूमिका भी उनके जिम्मे रहेगी।
नाहन और पांवटा साहिब सिरमौर के महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र हैं। ऐसे में दोनों उपमंडलों की योजना, विकास और 20 सूत्रीय कार्यक्रम से संबंधित समीक्षा समिति की अध्यक्षता विधायक अजय सोलंकी को सौंपे जाने से उनकी जिम्मेदारी का दायरा बढ़ा है। अब दोनों क्षेत्रों में विकास योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि सरकार ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि नाहन और पांवटा साहिब में चल रहे विकास कार्यों की नियमित समीक्षा हो और आम जनता से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
