ऊना : हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के काफिले के साथ चल रहा मुख्य सुरक्षा अधिकारी का वाहन शनिवार को हरोली-रामपुर पुल के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में उपमुख्यमंत्री के निजी मुख्य सुरक्षा अधिकारी डीएसपी बिन्नी मिन्हास घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन का टायर अचानक फटने से चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क से नीचे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। डीएसपी बिन्नी मिन्हास को तत्काल जिला ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका सीटी स्कैन सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया।
जांच में उनकी हालत खतरे से बाहर पाई गई और कोई गंभीर चोट नहीं होने की जानकारी दी गई। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वाहन चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपना निर्धारित दौरा बीच में छोड़ दिया और सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बिन्नी मिन्हास का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
